करनाल में नीट परीक्षा आज:8 केंद्रों पर 2732 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम, दोपहर 2 से 5 बजे तक होगी परीक्षा

करनाल में नीट परीक्षा आज:8 केंद्रों पर 2732 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम, दोपहर 2 से 5 बजे तक होगी परीक्षा

हरियाणा के करनाल में आज नीट की परीक्षा का अयोजन किया गया है। इस परीक्षा में 2732 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसके लिए जिले में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दोपहर बाद 2 बजे से 5 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को केंद्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। केंद्रों पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। केवल अधिकृत अधिकारी ही मोबाइल का प्रयोग कर सकेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का दुरुपयोग रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर भी विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि परीक्षा से जुड़ी कोई भी जानकारी बाहर न जाए। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित ढुलाई
कंट्रोल रूम से लेकर परीक्षा केंद्रों तक और परीक्षा केंद्रों से वापस कंट्रोल रूम तक प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षा तंत्र की निगरानी में रखा जाएगा। प्रशासन ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
परीक्षार्थियों के लिए कंट्रोल रूम की सुविधा
परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की समस्या आने पर परीक्षार्थियों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके लिए 0184-2982740, 99967-11037 और 94140-5983 नंबर जारी किए गए हैं। परीक्षार्थी या उनके अभिभावक इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों की ड्यूटी लगाई, सख्त निर्देश जारी
जिला प्रशासन के अनुसार नीट परीक्षा को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा को किसी भी स्तर पर हल्के में न लें और इसे शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराएं। कहीं भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के आदेश
उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने परीक्षा ड्यूटी में लगे मजिस्ट्रेट और सेंटर सुपरवाइजर्स को निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। इनमें पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, जनरेटर और घड़ी जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। साथ ही उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कोचिंग सेंटर और फोटोस्टेट दुकानों पर रोक
उपायुक्त ने साफ कहा है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर किसी भी हालत में खुले नहीं रहने चाहिएं। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इससे नकल या अन्य अनियमितताओं की संभावना कम होगी। स्वास्थ्य सुविधाएं और एंबुलेंस की तैनाती
परीक्षा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों के पास स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस तैनात की जाए। इससे किसी भी परीक्षार्थी को अचानक स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत सहायता मिल सकेगी। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
जिला रेडक्रॉस सचिव को निर्देश दिए गए हैं कि दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी परीक्षार्थियों को बिना किसी परेशानी के परीक्षा देने का अवसर मिले। परीक्षा खत्म होने तक केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं
सेंटर सुपरवाइजर्स को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी जाए। इससे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या सूचना लीक होने की संभावना को रोका जा सके। जिला प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रयास है कि नीट परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *