NEET UG 2026 Cancelled: मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए 3 मई को हुई नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) परीक्षा को आखिरकार रद्द कर दिया गया है। पेपर लीक और धांधली के पक्के डिजिटल सबूत मिलने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यह बड़ा फैसला लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने पूरे केस की जांच अब सीधे सीबीआई (CBI) को सौंप दी है। एसओजी बहुत जल्द अपनी फाइनल जांच रिपोर्ट एनटीए को सौंप सकती है। इसके बाद एनटीए की एक एक्सपर्ट कमेटी इस रिपोर्ट की समीक्षा करेगी और तय करेगी कि परीक्षा को लेकर आगे क्या कड़े कदम उठाए जाएं। एनटीए ने साफ कर दिया है कि, परीक्षा की ट्रांसपेरेंसी बनाए रखने के लिए एग्जाम दोबारा आयोजित किए जा सकते हैं।
SOG के सबूतों ने खोली पोल प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ पेपर
राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की तेज जांच में मिले डिजिटल सबूतों ने इस पेपर लीक का पूरा पर्दाफाश कर दिया। एसओजी की जांच में साफ हो गया था कि, परीक्षा से पहले ही बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के करीब 35 सवाल कुछ छात्रों तक पहुंच गए थे। सूत्रों के मुताबिक यह गेस पेपर किसी प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ था और इसके हाथ से लिखे गए नोट्स परीक्षा से पहले बांटे गए थे। इस मामले में अकेले राजस्थान से अब तक 45 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है।
कॉल डिटेल और चैट खंगाल रही एजेंसियां
सूत्रों के मुताबिक, एसओजी को जांच के दौरान ऐसे डिजिटल और तकनीकी सबूत मिले हैं जिनसे, परीक्षा से पहले प्रश्नों के सर्कुलेट होने का शक बिल्कुल पुख्ता हो गया है। जांच एजेंसियां अब संदिग्धों की मोबाइल चैट कॉल डिटेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रिंटिंग चेन की बारीकी से जांच कर रही हैं। यह भी माना जा रहा है कि इस बड़े नेटवर्क के तार राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
CBI करेगी इस बड़े फर्जीवाड़े की जांच
एनटीए द्वारा परीक्षा रद्द करने के साथ ही केंद्र सरकार ने इस पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं। सीबीआई अब इस बात की गहराई से जांच करेगी कि पेपर छपाई के दौरान कैसे बाहर आया और इस बड़े गिरोह में कौन-कौन सफेदपोश शामिल हैं। एनटीए ने भरोसा दिलाया है कि, वह इस जांच में पूरा सहयोग करेगा और सभी जरूरी तकनीकी डेटा सीबीआई को सौंपेगा।
अब आगे क्या होगा?
परीक्षा रद्द होने से लाखों स्टूडेंट्स की मेहनत पर असर पड़ा है लेकिन सिस्टम में भरोसा कायम रखने के लिए एनटीए ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। स्टूडेंट्स के लिए ये अहम निर्देश जारी किए गए हैं:
- स्टूडेंट्स को दोबारा परीक्षा देने के लिए कोई नया रजिस्ट्रेशन फॉर्म नहीं भरना होगा।
- फॉर्म में जो डिटेल्स पहले भरी गई थीं वही आगे मान्य रहेंगी।
- पहले से चुने गए परीक्षा केंद्र (एग्जाम सेंटर) ही मान्य माने जाएंगे।
- स्टूडेंट्स से दोबारा कोई भी परीक्षा फीस नहीं ली जाएगी। इसके विपरीत पहले दी गई फीस रिफंड कर दी जाएगी।
- नई परीक्षा से कुछ दिन पहले नए सिरे से फ्रेश एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
जल्द जारी होंगी नई तारीखें
एनटीए ने सभी स्टूडेंट्स और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। दोबारा परीक्षा कराने की नई तारीखों का ऐलान जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर किया जाएगा। स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे फोकस बनाए रखें और अपनी तैयारी फिर से शुरू कर दें।


