महाराष्ट्र के सियासी गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करने के आरोप में एनसीपी (शरद पवार) के सोशल मीडिया राज्य प्रमुख महादेव बालगुडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुणे की पिंपरी-चिंचवड की साइबर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया प्रमुख महादेव बालगुडे गिरफ्तार
पिंपरी-चिंचवड साइबर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एनसीपी (NCP) शरद गुट) के सोशल मीडिया विभाग के राज्य प्रमुख महादेव बालगुडे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और विवादित विचारधारा से जुड़ा कंटेंट साझा करने के आरोप हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बालगुडे ने मुख्यमंत्री फडणवीस की फोटो को मॉर्फ कर उसे आपत्तिजनक तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल किया। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत भी मिले हैं जिसमें बालगुडे ने कथित तौर पर नक्सली नेता हिडमा का महिमामंडन करने वाला कंटेंट भी शेयर किया था।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस
इस पूरे मामले की शुरुआत एक वकील द्वारा की गई शिकायत से हुई। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। इसके बाद पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने महादेव बालगुडे को गिरफ्तार कर लिया।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
महादेव बालगुडे की गिरफ्तारी के बाद शरद पवार गुट और सत्ताधारी महायुति के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं। फिलहाल साइबर पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर साझा की गई अन्य सामग्री की भी जांच की जा रही है।
वहीँ, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने के आरोप में नागपुर के एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान मानेवाडा निवासी आयुष रमेशचंद्र अग्रवाल के रूप में हुई है। धंतोली पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि वीडियो में नागपुर से लोकसभा सदस्य नितिन गडकरी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां थीं। अभी मामले की जांच चल रही है।


