Nayab Singh Saini ने Bhagwant Mann पर कसा तंज, कहा- पंजाब में सिर्फ मजाक कर रहे सीएम

Nayab Singh Saini ने Bhagwant Mann पर कसा तंज, कहा- पंजाब में सिर्फ मजाक कर रहे सीएम

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान मजाकिया बातें करते हुए समय बिता रहे हैं। सैनी ने कहा कि पंजाब के लोगों ने अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने मान से सवाल कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) ने महिलाओं और युवाओं से जो वादे किए थे, उनका क्या हुआ।

सैनी ने पंजाब के पटियाला जिले के घनौर कस्बे में आयोजित तीज महोत्सव में महिलाओं की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने का वादा किया था और सरकार के करीब पांच साल पूरे हो चुके हैं। अब अगले चुनाव भी नजदीक हैं। फिर भी पंजाब के मुख्यमंत्री मंच से महिलाओं से पूछ रहे हैं कि क्या उन्हें एक महीने का पैसा, दो महीने का पैसा या तीन महीने का पैसा उनके खाते में जमा करना चाहिए।”
सैनी ने कहा, अगर यह मजाक नहीं है तो और क्या है?

सैनी ने आरोप लगाया कि खराब कानून-व्यवस्था के कारण पंजाब से उद्योग दूसरे राज्यों में जा रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार का संकट पैदा हो रहा है और हताश युवा तेजी से नशे की लत के जाल में फंस रहे हैं। इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल और तीज महोत्सव के संयोजक विकास शर्मा भी मौजूद थे। सैनी ने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में आप ने पंजाब के लोगों को “गुमराह” करके वोट हासिल किए थे, लेकिन इस बार लोग पूरी तरह जागरूक हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने फिर दोहराया कि हरियाणा की तरह पंजाब के किसानों की सभी फसलों की भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की जाएगी, जबकि आलू तथा अन्य सब्जियों और फलों के लिए भावांतर भरपाई योजना लागू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *