मेरठ जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये और मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र लेकर कथित रूप से धोखाधड़ी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र के सहदोली गांव निवासी मतपाल के रूप में हुई है।
उसने बताया कि अभिषेक सैनी ने 27 अक्टूबर को लालकुर्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मतपाल ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे और अन्य लोगों से रुपये तथा मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र ले लिए तथा उनके साथ धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बताया कि सैन्य खुफिया विभाग से मिली सूचना के आधार पर लालकुर्ती थाना पुलिस, नगर की विशेष अभियान दल (स्वॉट) और सैन्य खुफिया विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी को इंडियाना बार रोड से गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से दसवीं की तीन मार्कशीट, 12वीं की तीन मार्कशीट, तीन जाति प्रमाणपत्र और तीन निवास प्रमाणपत्र बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 2020 में मुरादाबाद जिले के कांठ थाने में भी भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

