वाराणसी के चर्चित नमो घाट हत्याकांड में मृतक राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल के परिजनों से मिलने मंगलवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उनके खलियारी स्थित आवास पहुंचा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पहुंचे नेताओं ने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। मुलाकात के दौरान मृतक के पिता बद्रीनारायण जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वे अब तक हुई पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि घटना में शामिल कुछ आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, 50 लाख रुपये मुआवजा और मृतक की स्मृति में प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग दोहराई। सपा नेताओं ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसद छोटेलाल ने परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को सड़क से लेकर संसद तक उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिलाने, घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पार्टी हर स्तर पर प्रयास करेगी। व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष Pradeep Jaiswal ने आरोप लगाया कि मामले के सभी आरोपियों के खिलाफ अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। मुआवजा और नौकरी की मांग सपा नेताओं ने मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये, घायलों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग भी उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार करेगी। एमएलसी आशुतोष ने कहा कि घटना में घायल युवकों की शिकायतों पर कार्रवाई कराने और नमो घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक कराने की मांग की जाएगी, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, पूर्व विधायक अवनीश, प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष दिनेश अग्रहरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


