प्रेमी ने गला घोंट कर की थी मुस्कान की हत्या:शराब पिलाने के बाद दुपट्टे से हत्या ,आरोपी गिरफ्तार

प्रेमी ने गला घोंट कर की थी मुस्कान की हत्या:शराब पिलाने के बाद दुपट्टे से हत्या ,आरोपी गिरफ्तार

मेरठ में पूठा श्मशान घाट में मिली युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मुस्कान की हत्या उसके प्रेमी रजनीश उर्फ गब्बर ने की थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मुस्कान के साथ उसके प्रेम संबंध की जानकारी पत्नी और बच्चों को हो गई थी। परिवार में लगातार विवाद होने लगा था। इसी वजह से उसने मुस्कान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उसकी हत्या कर दी। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि लक्खीपुरा निवासी मुस्कान का शव पूठा श्मशान घाट में मिला था। शव के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने पहचान की और कॉल डिटेल खंगाली। जांच में सामने आया कि हत्या से पहले मुस्कान ने पांच लोगों को कॉल की थी। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनमें टीपीनगर के शिवपुरम निवासी रजनीश उर्फ गब्बर भी शामिल था। शुरुआत में रजनीश पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन उसके बयान और मोबाइल लोकेशन में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि 26 मई को मुस्कान का अपने पति अब्दुल वाहिद से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पति ने उसका मोबाइल तोड़ दिया था। इसके बाद मुस्कान ने पड़ोसन निशा से 300 रुपये में पुराना मोबाइल खरीदा। अगले दिन वह निशा के घर पहुंची और रुपये वापस मांगे। बदले में निशा ने उसे पुराना सिलेंडर दे दिया। इसी दौरान मुस्कान ने निशा के मोबाइल से रजनीश को कॉल की। रजनीश उसे माधवपुरम गेट से मोपेड पर लेकर मोहकमपुर स्थित अपने दोस्त राहुल कटारिया के घर पहुंचा। राहुल कटारिया के घर पर चिकन बनाया गया। वहां राहुल, रजनीश और मुस्कान ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान मुस्कान और रजनीश के बीच विवाद हो गया। गुस्से में रजनीश ने मुस्कान को कई थप्पड़ मार दिए। शोर-शराबा होने पर राहुल की पत्नी संगीता ने दोनों को घर से निकाल दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रात में वह मुस्कान को पूठा श्मशान घाट ले गया। वहां भी दोनों ने शराब पी। इसके बाद उसने मुस्कान के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शव वहीं छोड़कर घर लौट आया और सो गया। रजनीश ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब एक साल से उसका मुस्कान से प्रेम संबंध था। मुस्कान अक्सर शराब पीने के बाद उसे फोन करती थी। कई बार उसकी पत्नी और बच्चों ने भी फोन रिसीव कर लिया था। इससे घर में लगातार झगड़े होने लगे थे। आरोपी के मुताबिक समझाने के बाद भी मुस्कान नहीं मानी, जिसके बाद उसने हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी के अनुसार आरोपी ने सुनियोजित तरीके से पहले मुस्कान को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *