25 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार:चार दिन पहले युवक की हत्या का आरोपी ऑपरेशन चक्रव्यूह में पकड़ा गया

25 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार:चार दिन पहले युवक की हत्या का आरोपी ऑपरेशन चक्रव्यूह में पकड़ा गया

अमेठी पुलिस ने चार दिन पहले एक युवक की गोली मारकर हत्या करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीपरपुर पुलिस ने देर रात आरोपी सचिन पांडेय को पीपरपुर रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय से पकड़ा। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। यह घटना पीपरपुर थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में शुक्रवार दोपहर को हुई थी। दीपक मिश्रा नामक युवक की देसी पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद आरोपी सचिन पांडेय मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया था, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। एसपी ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। घटना के चौथे दिन, एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस ने देर रात आरोपी सचिन पांडेय को गिरफ्तार किया। उसे थाने से महज 1 किलोमीटर दूर पीपरपुर रेलवे स्टेशन पर बने प्रतीक्षालय से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, 32 बोर का एक खोखा और एक जिंदा कारतूस मिला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन पांडेय उर्फ नागेंद्र पांडेय पुत्र स्वर्गीय राजनारायण पांडेय के रूप में हुई है। वह गौरामाफी, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ का निवासी है। पुलिस अब इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *