हरियाणा में नगर निकाय चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस प्रदेश कमेटी आज अपना चुनावी मैनिफेस्टो जारी करने जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मैनिफेस्टो में शहरी विकास, रोजगार, महंगाई और स्थानीय निकायों की स्वायत्तता जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी जा सकती है। प्रॉपर्टी टैक्स और यूजर चार्ज में राहत जैसे वादों का भी जिक्र पार्टी करने जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस जनता से सीधे जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने और वैकल्पिक मॉडल पेश करने की रणनीति अपनाएगी। पार्टी ने झज्जर की विधायक गीता भुक्कल की अध्यक्षता में एक मेनिफेस्टो (घोषणापत्र) समिति का गठन किया है। 2025 के स्थानीय चुनाव घोषणापत्र के आधार पर, यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आगामी चुनाव के लिए भी विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जोर दिया जाएगा।
यहां पढ़िए ये हो सकते हैं 6 बड़े ऐलान… 1. प्रॉपर्टी टैक्स और यूजर चार्ज में राहत शहरी क्षेत्रों में प्रॉपर्टी टैक्स और विभिन्न यूजर चार्ज को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में कांग्रेस मैनिफेस्टो में प्रॉपर्टी टैक्स में राहत या पुनरीक्षण पानी और सीवरेज चार्ज में कमी छोटे व्यापारियों को टैक्स में छूट जैसे वादे शामिल कर सकती है।
यह मुद्दा सीधे मध्यम वर्ग और व्यापारियों को प्रभावित करता है, इसलिए इसे बड़ा चुनावी हथियार बनाया जा सकता है। 2. कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था में सुधार नगर निगम क्षेत्रों में सफाई और कचरा उठान एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। संभावना है कि कांग्रेस
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था मजबूत करने नई कचरा प्रोसेसिंग यूनिट लगाने
सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने जैसे वादे कर सकती है। यह मुद्दा हर वार्ड के मतदाता से जुड़ा है और सीधे स्थानीय प्रशासन की कार्यक्षमता पर सवाल उठाता है।
3. रोजगार और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता
नगर निकायों में ठेका आधारित नौकरियों और बेरोजगारी को लेकर असंतोष है। मैनिफेस्टो में
नगर निगम में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता ठेका प्रथा में पारदर्शिता स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप को बढ़ावा जैसे प्रावधान शामिल हो सकते हैं। युवा मतदाताओं को साधने के लिए यह सबसे अहम मुद्दा माना जा रहा है।
4. अवैध कॉलोनियों और मकानों का नियमितीकरण
हरियाणा के कई शहरों में अवैध कॉलोनियों का मुद्दा लंबे समय से बना हुआ है। संभावना है कि कांग्रेस अवैध कॉलोनियों को नियमित करने, सस्ती दरों पर रजिस्ट्री और नक्शा पास करने
बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, का वादा कर सकती है। यह मुद्दा बड़ी संख्या में शहरी और निम्न आय वर्ग के मतदाताओं को प्रभावित करता है।
5. महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजनाएं
मैनिफेस्टो में सामाजिक कल्याण से जुड़े प्रावधान भी शामिल हो सकते हैं, जैसे, महिलाओं के लिए सुरक्षा और हेल्पलाइन व्यवस्था मजबूत करना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए हेल्थ और सुविधा केंद्र, महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता जैसे वादे कर सकती है। यह वर्ग चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए इन पर विशेष फोकस संभव है।
6. नगर निगम की वित्तीय स्वायत्तता और पारदर्शिता
कांग्रेस स्थानीय निकायों को अधिक अधिकार देने का मुद्दा भी उठा सकती है। नगर निगम को सीधे फंड देने की व्यवस्था, ई-गवर्नेंस और ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार, भ्रष्टाचार पर सख्त निगरानी को लेकर भी कांग्रेस अपने मैनिफेस्टो में शामिल कर सकती है। यह मुद्दा प्रशासनिक सुधार और पारदर्शिता की छवि बनाने में मदद करेगा। शाम 5 बजे पार्टी नेता करेंगे ऐलान हरियाणा कांग्रेस आज शाम 5 बजे चंडीगढ़ में लोकल बॉडी चुनावों का मेनिफेस्टो करेगी जारी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र हुड्डा मेनिफेस्टो रिलीज करेंगे। गीता भुक्कल की अध्यक्षता में बनी मेनिफेस्टो कमेटी भी मौजूद रहेगी।


