आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला अपने 6 महीने के बच्चे के पैर का प्लास्टर खुद ही सर्जिकल चाकू से काटकर हटाती नजर आ रही है। वीडियो में महिला प्लास्टर पर पानी डालते हुए धीरे-धीरे उसे काट रही है, जबकि बच्चा लगातार पैर हिला रहा है। वीडियो को लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। यह वीडियो कल का बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला ओपीडी में जमीन पर बैठकर अकेले ही बच्चे का प्लास्टर हटा रही है। जब उससे पूछा गया कि वह खुद ऐसा क्यों कर रही है, तो उसने बताया कि डॉक्टर ने उसे खुद ही प्लास्टर हटाने के लिए कहा था। महिला के मुताबिक डॉक्टर ने उसे तरीका भी बताया था कि पानी डालकर धीरे-धीरे सर्जिकल चाकू से प्लास्टर काट लो। वीडियो बना रहे व्यक्ति ने महिला को ऐसा करने से मना भी किया और कहा कि इससे बच्चे को चोट लग सकती है, लेकिन महिला डॉक्टर की सलाह का हवाला देते हुए प्लास्टर हटाती रही। वीडियो में बच्चा लगातार पैर मारता और हिलता दिखाई दे रहा है, जिससे साफ लग रहा है कि थोड़ी सी चूक होने पर चाकू बच्चे के पैर में लग सकता था। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि इतने छोटे बच्चे का प्लास्टर प्रशिक्षित स्टाफ की निगरानी में हटाया जाना चाहिए था। फिलहाल मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


