राजस्थान के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 1 लाख से ज्यादा पद खाली, विशेषज्ञ बोले- सीधी भर्ती निकाले सरकार

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 1 लाख से ज्यादा पद खाली, विशेषज्ञ बोले- सीधी भर्ती निकाले सरकार

दौसा। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब पाठ्यपुस्तकों की नहीं, बल्कि शिक्षकों की कमी की है। स्थिति यह है कि बच्चों को पढ़ाने के लिए कई स्कूलों में उन्हें विषय विशेषज्ञ शिक्षक तक उपलब्ध नहीं है। प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में स्वीकृत 4 लाख 13 हजार 470 पदों में से 1 लाख 19 हजार 114 पद रिक्त है। इनमें सबसे अधिक 48 हजार 296 वरिष्ठ अध्यापक और 15 हजार 921 व्याख्याताओं के पद खाली हैं।

इसके अलावा 6 हजार 156 प्रधानाचार्य, 1 हजार 188 उप प्राचार्य तथा 24 हजार 266 सहायक कर्मचारियों के पद भी रिक्त चल रहे हैं। भर्तियां भी अटक रही है। शाला दर्पण आंकड़ों के अनुसार राजस्थान की 5 हजार 771 सरकारी स्कूलें बिना संस्था प्रधान के संचालित हो रही हैं। ऐसे में प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होना स्वाभाविक है। हालांकि सरकार ने 2024 और 2025 में विभिन्न पदों पर भर्तियां शुरू की है, लेकिन रिक्त पदों की तुलना में यह संख्या कम मानी जा रही है।

लक्ष्य प्राप्त करना मुश्किल

यदि स्कूलों में समय पर शिक्षक उपलब्ध नहीं होंगे तो नई शिक्षा नीति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य हासिल करना मुश्किल होगा। आखिर लाखों विद्यार्थियों के भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? यही सवाल आज प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के सामने खड़ा है।

सीधी भर्ती निकाली जाए

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अध्यापक से वरिष्ठ अध्यापक और वरिष्ठ अध्यापक से व्याख्याता पदों पर लंबित पदोन्नतियां समय पर हो जाएं तथा सरकार की ओर से नियमित रूप से सीधी भर्ती निकाली जाए तो रिक्त पदों की संख्या तेजी से घट सकती है। वर्तमान में अध्यापक से वरिष्ठ अध्यापक की छह सत्रों तथा वरिष्ठ अध्यापक से व्याख्याता की एक सत्र की पदोन्नति लंबित। सीधी भर्ती की प्रक्रिया तेज गति से हो।

शिक्षा विभाग में 1 जून 2026 के अनुसार रिक्त पदों के आंकड़ों पर एक नजर

क्रमांक पद नाम रिक्त पदों की संख्या
1 अतिरिक्त निदेशक 01
2 संयुक्त निदेशक 07
3 उपनिदेशक 23
4 डीईओ 173
5 प्रधानाचार्य 6156
6 उप प्राचार्य 1188
7 व्याख्याता 15921
8 वरिष्ठ अध्यापक 48296
9 शारीरिक शिक्षक 1530
10 कंप्यूटर अनुदेशक 3699
11 पूर्व प्राथमिक शिक्षक 116
12 सहायक कर्मचारी 24266
13 कनिष्ठ सहायक 5429

दौसा जिले 488 उच्च माध्यमिक स्कूलों में स्थिति

क्रमांक पद स्वीकृत पद कार्यरत रिक्त
1 प्राचार्य 444 389 55
2 व्याख्याता 1615 1254 361
3 वरिष्ठ अध्यापक 2298 1563 735
4 अध्यापक 2338 2072 266

नियुक्ति सरकार के स्तर का मामला

विभाग में शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति, पदोन्नति व स्थानांतरण सरकार के स्तर के मामला है। इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता। हालांकि जिले के कई विद्यालयों में संस्था प्रधानों के पद रिक्त है। इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
-अशोक शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, दौसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *