खरगोन जिले में गर्मी की मूंग फसल तैयार हो गई है। किसानों ने कटाई के साथ थ्रेशिंग भी शुरू कर दी है। इस वर्ष मूंग की बेहतर फसल बताई जा रही है, लेकिन किसान सरकारी खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं क्योंकि उन्हें मंडी में कम भाव मिलने की आशंका है। देवली के किसान राजेश राठौड़ ने बताया कि मूंग की कटाई और थ्रेशिंग शुरू हो चुकी है, लेकिन सरकारी खरीदी को लेकर अभी तक कोई सूचना नहीं है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि 10 जून से बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाती हैं, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। जिले में इस बार 26 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गर्मी की मूंग लगाई गई है। अनुकूल मौसम के कारण प्रति एकड़ 8 से 10 क्विंटल उपज मिलने की संभावना है। हालांकि, मूंग की सरकारी खरीदी के संबंध में अभी तक कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं।


