उदयपुर दौरे पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़:महाकाल मंदिर में दर्शन किए, शाम को सुखाड़िया रंगमंच पर कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

उदयपुर दौरे पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़:महाकाल मंदिर में दर्शन किए, शाम को सुखाड़िया रंगमंच पर कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार सुबह ट्रेन से उदयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सर्किट हाउस गए, जहां पार्टी के बड़े नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन को लेकर चर्चा हुई। राठौड़ ने सांसद मन्नालाल रावत और शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह के साथ मिलकर महाकाल मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक किया। मंदिर दर्शन के बाद वे सीधे ऋषभदेव के लिए रवाना हो गए। मदन राठौड़ का यह दौरा संगठन की मजबूती के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। दोपहर में वे झाड़ोल विधानसभा के बूथ सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। वहां से लौटने के बाद शाम करीब 5.30 बजे सुखाड़िया रंगमंच पर ‘बूथ सशक्तिकरण सम्मेलन’ रखा गया है। इस कार्यक्रम में उदयपुर शहर के पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटेंगे। राठौड़ यहां कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें बूथ लेवल पर पार्टी को मजबूत करने के तरीके बताएंगे। 2 दिन के इस दौरे में कई संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल होंगे। राठौड़ ग्रामीण इलाको में चौपाल विकास रथ और बूथ सम्मेलन के जरिए जमीन पर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे। मंगलवार को दौरे के दूसरे दिन वे उदयपुर के बीजेपी कार्यालय में सहकारिता प्रकोष्ठ की एक बड़ी बैठक लेंगे। इस बैठक के बाद वे दोपहर में पाली रवाना हो जाएंगे। शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह के साथ ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, शहर महामंत्री पारस सिंघवी और पंकज बोराना समेत कई मंडल अध्यक्षों ने उनकी अगवानी की। कार्यकर्ताओं में उनके इस दौरे को लेकर जोश है। केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी का पूरा फोकस इन दिनों राजस्थान में पार्टी के बूथ मैनेजमेंट को अगले स्तर पर ले जाने पर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *