Monsoon Update: केरल में मानसून के आगमन की तारीख बदली! महाराष्ट्र में इंतजार बढ़ा, IMD का नया अपडेट

Monsoon Update: केरल में मानसून के आगमन की तारीख बदली! महाराष्ट्र में इंतजार बढ़ा, IMD का नया अपडेट

देशभर में लोग इस समय भीषण गर्मी से बेहाल हैं, लेकिन इसी बीच मौसम विभाग (IMD) की ओर से मानसून को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण अपडेट दी गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण भारत तट की ओर बढ़ रहा है, हालांकि इसके आगमन में मामूली देरी होने की संभावना जताई जा रही है। आईएमडी ने पहले अनुमान जताया था कि मानसून 26 मई को केरल पहुंचेगा, लेकिन अब इसमें कम से कम दो दिन की देरी होने की संभावना है। ऐसे में महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों को मानसून के लिए जून तक इंतजार करना पड़ सकता है।

28 मई से 3 जून के बीच केरल पहुंच सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 16 मई को ही अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में पहुंच चुका था। इसके बाद दक्षिण-पूर्व अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मानसूनी हवाएं धीरे-धीरे आगे बढ़ रही हैं। फिलहाल परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं, लेकिन मानसून की गति थोड़ी धीमी पड़ने के संकेत मिले हैं।

आईएमडी ने केरल के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के बाकी इलाकों में येलो अलर्ट है। मौसम विभाग का मानना है कि अब मानसून 28 मई से 3 जून के बीच केरल में प्रवेश कर सकता है।

अगले 2-3 दिनों में बनेंगी अनुकूल परिस्थितियां

आईएमडी ने रविवार को कहा कि अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार होंगी।

केरल में मानसून की एंट्री को पूरे देश में चार महीने तक चलने वाले बारिश के मौसम की आधिकारिक शुरुआत माना जाता है। इसलिए हर साल पूरे देश की नजरें मानसून की पहली दस्तक पर टिकी रहती हैं।

मुंबई में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार

महाराष्ट्र की बात करें तो सोमवार को मुंबई और उपनगरों में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, कोकण क्षेत्र में गरज-चमक के साथ प्री-मानसून बारिश (Pre-monsoon rain) हो सकती है।

विदर्भ में गर्मी का कहर, रेड अलर्ट जारी

एक ओर जहां मानसून का इंतजार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर विदर्भ क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने वर्धा, अमरावती और चंद्रपुर जिलों में तीन दिनों तक ‘हीटवेव’ को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। इन इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र में मानसून की हल्की देरी जरूर चिंता बढ़ा रही है, लेकिन अच्छी बारिश की उम्मीद अब भी बरकरार है। खासतौर पर किसानों की नजरें मानसून पर टिकी हैं, क्योंकि खरीफ सीजन की बुवाई इसी पर निर्भर करती है। वहीं, आम लोग भी भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

बता दें कि 5 जून के आसपास महाराष्ट्र में मानसून प्रवेश करता है। इसके बाद अगले चार से पांच दिनों में मुंबई और पूरे कोंकण क्षेत्र में अच्छी बारिश शुरू होती है। पिछले साल मानसून का महाराष्ट्र में आगमन 25 मई को हुआ था। मुंबई में मानसून की आधिकारिक एंट्री की तारीख 10 जून है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *