Kerala CM VD Satheesan: गुरुवार (14 मई) को कांग्रेस हाई कमांड ने वीडी सतीशन को केरल का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया। बता दें, इस साल हुए विधानसभा चुनावों में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने जीत हासिल कर पिनारयी विजयन के नेतृत्व वाले एलडीएफ के 10 साल के शासन को हराया। सतीशन के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद, कई मलयालम फिल्म जगत की हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी।
वीडी सतीशन को मॉलीवुड सेलेब्स ने दी बधाई (Kerala CM VD Satheesan)
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों में से एक मोहनलाल ने ट्वीट किया, “श्री वीडी सतीशन को केरल के नए मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। आशा है कि उनके नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों तक सफलतापूर्वक पहुंचेगा।”
मोहनलाल के बाद, मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता ममूटी ने भी X पर सतीशन को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, “श्री वीडी सतीशन को केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई।”
वहीं, मूथोन फिल्म के एक्टर निविन पॉली ने भी ट्वीट करते हुए लिखा, “नए केरल की ओर बढ़ने के लिए शुभकामनाएं, मुख्यमंत्री वीडी सतीशन सर को हार्दिक बधाई…।”
उन्नी मुकुंदन ने भी शेयर किया पोस्ट
कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की शानदार जीत के बाद, अभिनेता उन्नी मुकुंदन ने केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एक भावपूर्ण मेसेज करते हुए कांग्रेस पार्टी को उनकी इस चुनावी सफलता पर बधाई दी और नए मुख्यमंत्री को उनके नेतृत्व में शक्ति और बुद्धिमत्ता की कामना की। उन्होंने केरल की एकता और दृढ़ता की विरासत पर जोर देते हुए उम्मीद जताई कि यह नया दौर दुनियाभर के मलयाली समुदाय के लिए तरक्की और भरोसा बढ़ाने वाला साबित होगा।
एनडीटीवी के अनुसार, केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में वीडी सतीशन के नाम की घोषणा होने के बाद, उन्होंने कहा, “मैंने यह उपलब्धि लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यूडीएफ टीम के समर्थन से हासिल की है।”
जानकारी के लिए बता दें कि सतीशन मुख्यमंत्री पद के लिए केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के साथ रेस में थे। इस घोषणा के बाद, वेणुगोपाल ने कहा, “मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं। मैं उच्च कमान के फैसले के साथ खड़ा रहूंगा। मैं सतीशन को केरल के मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई देता हूं और उन्हें तथा यूडीएफ सरकार को हर संभव सहयोग दूंगा।”
केरल चुनाव में यूडीएफ ने 102 सीटों पर जीत हासिल की
4 मई को हुए चुनावों में यूडीएफ द्वारा 140 में से 102 सीटें जीतने के बाद वीडी सतीशन को राज्य का नेता नियुक्त किया गया है, जो गठबंधन की सरकार में ऐतिहासिक जीत है। सतीशन को नई दिल्ली में हुए विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस हाई कमान द्वारा चुना गया है। नई सरकार के काम संभालने के बाद अब उद्योग जगत और आम लोग, दोनों ही केरल में बेहतर शासन और विकास के नए दौर की उम्मीद कर रहे हैं।
18 मई को करेंगे शपथ ग्रहण
सतीसन 18 मई, 2026, सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। ऐसी उम्मीद है कि मॉलीवुड की हस्तियां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकती हैं। हालांकि, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा कि फिल्म इंडस्ट्री की कौन-कौन सी हस्तियां समारोह में मौजूद रहेंगी।



