जोधपुर जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अगले दो-तीन दिनों में हवाई हमले की चेतावनी (एयर रेड) और ब्लैकआउट का मॉक अभ्यास किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा सुरक्षा तैयारियों को सुदृढ़ करने के लिए इस पूर्व निर्धारित अभ्यास के दौरान सायरन बजाने और ब्लैकआउट की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यह अभ्यास भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा आलोक रंजन के मार्गदर्शन में होगा। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न सरकारी विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का मूल्यांकन करना है। नागरिक सुरक्षा विभाग ने इसे संस्थागत रूप देने के लिए पूरी योजना तैयार की है। कई विभागों की रहेगी सक्रिय सहभागिता इस महत्वपूर्ण मॉक अभ्यास में जिला प्रशासन के साथ नागरिक सुरक्षा, पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और होमगार्ड्स की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इनके अलावा एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस, नेहरू युवा केन्द्र, चिकित्सा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग और जोधपुर डिस्कॉम सहित अन्य संबंधित विभागों के बीच कॉर्डिनेशन की टेस्टिंग की जाएगी। प्रशासन की अपील: अफवाहों पर ध्यान नहीं दें जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मॉक अभ्यास के दौरान एयर रेड सायरन बजने या ब्लैकआउट की स्थिति होने पर अनावश्यक घबराहट से बचें। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए इस अभ्यास को सफल बनाने में सहयोग करें।


