राज ठाकरे के करीबी मनसे नेता का मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण एक्सीडेंट, फॉर्च्यूनर के उड़े परखच्चे

राज ठाकरे के करीबी मनसे नेता का मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण एक्सीडेंट, फॉर्च्यूनर के उड़े परखच्चे

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के वरिष्ठ नेता और राज ठाकरे के करीबी माने जाने वाले दिलीप बापू धोत्रे एक बड़े हादसे का शिकार हो गए हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आज उनकी फॉर्च्यूनर कार का भीषण एक्सीडेंट हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मुंबई से पुणे जाते समय हुआ हादसा

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मनसे नेता दिलीप बापू धोत्रे फॉर्च्यूनर से मुंबई से पुणे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर एक अज्ञात वाहन से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना कैसे हुई और इसके पीछे की असली वजह क्या थी। माना जा रहा है कि तेज रफ्तार वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ होगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

छाती और पैर में गंभीर चोट

इस दुर्घटना में दिलीप धोत्रे की छाती और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। जैसे ही हादसे की खबर मिली, मनसे कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया। कई मनसे कार्यकर्ता अस्पताल भी पहुंचे है।

ठाकरे के करीबी नेताओं में होती है गिनती

दिलीप बापू धोत्रे मनसे के उन नेताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने शुरुआती दौर से ही राज ठाकरे का साथ दिया। पंढरपुर क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। राज ठाकरे से उनके बेहद करीबी संबंध है। वह मनसे के गठन से पहले से ही राज ठाकरे के कट्टर समर्थक थे।

कौन है दिलीप धोत्रे?

दिलीप धोत्रे ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। अंग्रेजी विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले धोत्रे 1992 में पंढरपुर कॉलेज छात्र सेना के अध्यक्ष बने थे। उसी दौरान उन्होंने अपने संगठन कौशल से पहचान बनाई।

जब राज ठाकरे ने 2006 में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की स्थापना की, तब सोलापुर जिले से सबसे पहले समर्थन देने वाले नेताओं में दिलीप धोत्रे शामिल थे। उन्होंने जिला संगठन और प्रदेश महासचिव जैसे कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली। सोलापुर जिले में पार्टी को मजबूत करने में उनका बड़ा योगदान माना जाता है। 2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मनसे ने उन्हें पंढरपुर सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *