डीडवाना विधानसभा क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर मंगलवार को विधायक यूनुस खान ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनके साथ मौजूद थे। विधायक ने जिला कलेक्टर को विभिन्न समस्याओं से संबंधित 50 से ज्यादा ज्ञापन सौंपे। साथ ही परेशानियां दूर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। एमएलए खान ने अधिकारियों पर जन समस्याओं के प्रति उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद इनका समाधान नहीं हो रहा है। कस्टोडियन जमीनों के मामले को गंभीर बताया
खान ने कस्टोडियन जमीनों के मामले को भी गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर कमेटी बनने के बावजूद इस मुद्दे का कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। विधायक ने मांग की कि इन जमीनों पर काबिज किसानों के नाम शीघ्र आवंटित किए जाएं। शहर की सीवरेज व्यवस्था पर भी विधायक ने सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण की तैयारी के बावजूद ट्रीटेड पानी के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है। सीवर लाइन पर बढ़ते दबाव के कारण जगह-जगह गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे दुर्गंध और जलभराव की स्थिति बन रही है। नगर परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
यूनुस खान ने नगर परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर फर्जी पट्टे जारी किए जा रहे हैं और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। विधायक ने अमृत भारत योजना के तहत सिंघी सरोवर और कचोलिया तालाब के पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों ने अपना रवैया नहीं सुधारा और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो उन्हें आमजन के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।


