मिर्जापुर डीएम का सख्त निर्देश:अधिकारी सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यालय में सुनें जनता की समस्याएँ

मिर्जापुर डीएम का सख्त निर्देश:अधिकारी सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यालय में सुनें जनता की समस्याएँ

मिर्जापुर डीएम पवन कुमार गंगवार ने जिले के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहें। इस अवधि में आमजन की शिकायतें सुनी जाएं और उनका गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी के आदेश में बताया गया है कि शासन द्वारा पूर्व में भी सभी संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निर्धारित समय पर जनसुनवाई कर जनता की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद, लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ अधिकारी जनसुनवाई के निर्धारित समय में अपने कार्यालयों में उपस्थित नहीं रहते और अन्य कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जबकि ऐसे कार्य जनसुनवाई अवधि के बाद भी किए जा सकते हैं। डीएम ने इस स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासनादेश की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करें और सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय कक्ष में स्वयं उपस्थित रहकर जनता की समस्याएं सुनें। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नियमों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई की जाए ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय और राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि शासन की मंशा है कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो। ऐसे में सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा, साथ ही लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ भी मिल सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *