हनुमानगढ़ जिले में भादरा क्षेत्र के मलसीसर गांव में बस किराए के एक रुपए को लेकर एक नाबालिग छात्र की बेरहमी से पिटाई की गई।
मामले में पुलिस ने 3 दिन बाद कार्रवाई की है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई, जिसके बाद 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है। 1 रुपए के किराए को लेकर कहासुनी के बाद बात बढ़ी
यह घटना 8 मई की है। मलसीसर निवासी 16 वर्षीय किशोर भादरा से अपने गांव लौट रहा था। उसने बस कंडक्टर को 10 रुपए दिए, लेकिन 1 रुपए के किराए को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। बस के मलसीसर पहुंचते ही कई लोगों ने नाबालिग को घेर लिया और बेरहमी से पीटा। पीड़ित के पिता ने 8 मई की रात को ही भादरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि बस में किराए को लेकर गांव के भगवानाराम से विवाद हुआ था, क्योंकि छात्र के पास पूरे पैसे नहीं थे। बस स्टैंड पर छात्र से लाठी-डंडों व थप्पड़ों से मारपीट की
एफआईआर के अनुसार भगवानाराम ने अपने साथियों को फोन कर मलसीसर बस स्टैंड पर बुला लिया। गांव के अड्डे पर बस रुकवाकर छात्र को नीचे उतारा गया और लाठी-डंडों व थप्पड़ों से मारपीट की गई। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज हिसार के एक अस्पताल में चल रहा है। मामले में 3 आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद ही यह मामला सुर्खियों में आया और पुलिस हरकत में आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज की।
भादरा एएसपी गीता चौधरी ने बताया कि मामले में 3 आरोपियों भगवानाराम, चुन्नीराम और मानसिंह को गिरफ्तार हिरासत में ले लिया गया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


