नाबालिग पर गिरी आकाशीय बिजली:खेत में काम करते समय गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

नाबालिग पर गिरी आकाशीय बिजली:खेत में काम करते समय गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कतरी काड़ी में रविवार दोपहर खेत में काम कर रहे 17 वर्षीय किशोर संतोष सिंह पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। संतोष सिंह अपने खेत में मेढ़ बनाने का काम कर रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर बाद तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे संतोष पर गिरी। बिजली गिरते ही वह खेत में बेहोश होकर गिर पड़ा और उसका शरीर कांपने लगा। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि बिजली गिरने के बाद युवक की हालत बेहद गंभीर थी। उन्होंने और संतोष के पिता ने मिलकर घायल संतोष को तत्काल मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर बृजेश पांडे ने बताया कि युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आया है। उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टर के अनुसार, युवक भय और सदमे के कारण कांपता हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन इलाज जारी है और जल्द स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बारिश और खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचने की अपील की है। मौसम विभाग भी लगातार लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह देता रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *