मेरठ में दक्षिण सीट से भाजपा के विधायक और यूपी सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर 19 मई को गृह जनपद मेरठ आएंगे। मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद प्रमोशन पाए मंत्री सोमेंद्र तोमर पहली बार मेरठ आ रहे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पर प्रोन्नत किया गया है। इसके बाद वो पहली बार मेरठ आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए भाजपाई तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी की नो फ्यूल मुहिम के तहत मंत्री रैपिड ट्रेन और मेट्रो की सवारी करेंगे। दिल्ली सराय कॉले खां से रैपिड ट्रेन में सफर करते हुए मंत्री मेरठ पहुंचेंगे। यहां भैंसाली स्टेशन पर उतरेंगे। इसके बाद उनका स्वागत होगा। बेगमपुल से पैदल शहीद स्मारक तक पैदल मार्च करेंगे। यहां से औघड़नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। यहां से सदर बाजार, आबूलेन, बेगमपुल से होते हुए सर्किट हाउस पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में अलग-अलग मंडल प्रभारियों व जिला, महानगर इकाई द्वारा सम्मान, स्वागत व धन्यवाद समारोह होगा।


