प्रयागराज के इलाहाबाद म्यूजियम में पहुंचे मंत्री नरेंद्र कश्यप:दिव्यांगों के लिए बनी अनुभव वीथिका का किया अवलोकन

प्रयागराज के इलाहाबाद म्यूजियम में पहुंचे मंत्री नरेंद्र कश्यप:दिव्यांगों के लिए बनी अनुभव वीथिका का किया अवलोकन

प्रयागराज के इलाहाबाद म्यूजियम में सोमवार को पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए नवनिर्मित ‘अनुभव वीथिका’ का भ्रमण कर उसका अवलोकन किया। मंत्री ने वहां मौजूद विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने। इस अवसर पर मंडलायुक्त एवं इलाहाबाद संग्रहालय की निदेशक सौम्या अग्रवाल भी मौजूद रहीं। उन्होंने मंत्री को अनुभव वीथिका की स्थापना, उसके उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दीप प्रज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का किया उद्घाटन इसके बाद संग्रहालय के सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री नरेंद्र कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में निदेशक सौम्या अग्रवाल ने मंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं सम्मान किया। दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध अपने संबोधन में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बजट को 665 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2141 करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 12 लाख से अधिक दिव्यांगजनों को हर महीने 1000 रुपये भरण-पोषण राशि दी जा रही है, जिसे आने वाले समय में बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। स्वरोजगार और शिक्षा योजनाओं का भी जिक्र मंत्री ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इनमें स्वरोजगार, यात्रा योजना, दिव्यांग बेटियों के लिए ट्राईसाइकिल, उच्च शिक्षा तक निःशुल्क पढ़ाई, आवास और भोजन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद संग्रहालय में दिव्यांगजनों के लिए तैयार की गई अनुभव वीथिका एक सराहनीय पहल है और प्रदेश के अन्य दिव्यांग बच्चों को भी इसका लाभ मिले, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मंडलायुक्त के प्रयास की सराहना मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इलाहाबाद संग्रहालय में दिव्यांग वर्ग को विशेष स्थान देने के लिए मंडलायुक्त का प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले बच्चों, शिक्षकों और आयोजकों को भी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजू मिश्रा ने किया। आयोजन में उपनिदेशक अभय कुमार श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अशोक कुमार गौतम, समन्वयक चंद्रभान द्विवेदी और संग्रहालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार पांडेय का विशेष सहयोग रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *