मेरठ में तंबाकू छोड़ने का संदेश देगी मिनी मैराथन:500 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल, सेहत के प्रति जागरूकता फैलाना मुख्य उदेश्य

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मेरठ कैंसर हॉस्पिटल, IIMT University तथा शहर की विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में 31 मई को मिनी मैराथन एवं जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और तंबाकू छोड़ने के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
आयोजकों के अनुसार मिनी मैराथन रविवार सुबह 5 बजे मवाना रोड स्थित वाई जंक्शन मिलिट्री डेयरी फार्म से शुरू होगी। प्रतिभागियों को आयु वर्ग के अनुसार रवाना किया जाएगा। दौड़ भगत लाइंस, गंगानगर पुलिस चौकी, डिफेंस कॉलोनी, डाउनटाउन और डिवाइडर रोड से होते हुए IIMT University के गेट नंबर-2 पर समाप्त होगी। कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ चिकित्सक, सामाजिक संगठन, प्रबुद्ध नागरिक, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी और स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। आयोजन के लिए अब तक करीब 700 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। मैराथन के बाद IIMT University परिसर में एक सेमिनार आयोजित होगा। इसमें वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. उमंग मित्तल तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों पर जानकारी देंगे। वहीं तंबाकू की लत छोड़ चुके लोग अपने अनुभव साझा करेंगे। मनोचिकित्सक तंबाकू छोड़ने के प्रभावी उपायों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करेंगे। आयोजकों ने बताया कि सेमिनार के समापन के बाद विभिन्न आयु वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में गुरुदेव डिफेंस स्कूल, IIMT Academy, आशीष पैथोलॉजी लैब, रोटरी साकेत, हेल्थ केयर इमेजिंग सेंटर सहित कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *