मेरठ के LLRM मेडिकल कॉलेज के सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय को नया मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) मिल गया है। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के तहत सोमवार को डॉ. अजीत कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह जिला चिकित्सालय मेरठ में तैनात थे। नवनियुक्त सीएमएस डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने पारदर्शी एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं के आधुनिकीकरण पर भी विशेष जोर देने की बात कही। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों और चिकित्सकों ने डॉ. अजीत कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अस्पताल प्रशासन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार होगा। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अजीत कुमार के अनुभव का लाभ अस्पताल को मिलेगा और आमजन को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाया जा सकेगा।


