चंदौली में 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के समर्थन में दवा विक्रेता समिति की बैठक कमालपुर स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की दवा दुकानों को बंद रखने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक, जीएसटी 817 अधिसूचना वापस लेने और नकली दवाओं की बिक्री रोकने की मांग उठाई। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में व्यापारी समिति अध्यक्ष जयप्रकाश मौर्य ने कहा कि ऑनलाइन और अवैध दवा बिक्री से व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है। महामंत्री नवनीत सिंह ने आंदोलन को व्यापारियों के सम्मान से जुड़ा बताया। वहीं संगठन मंत्री विकास सिंह ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना पर्ची के नशीली दवाएं उपलब्ध हो जाती हैं, जबकि ऑफलाइन दुकानदारों को कई नियमों का पालन करना पड़ता है। दवा व्यवसायियों से बंद सफल बनाने की अपील समिति ने सकलडीहा, चहनिया, धानापुर, शहीद गांव और कमालपुर के दवा व्यवसायियों से संपर्क कर बंद में शामिल होने की अपील की। बैठक में जयप्रकाश मौर्य, नवनीत सिंह, आशुतोष शरण, विकास सिंह, नीरज गोस्वामी, डॉ. जमीर खान, विपिन अग्रहरि समेत कई सदस्य मौजूद रहे।


