बस्ती में माटीकला कारीगरों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण:15 दिन का आवासीय प्रशिक्षण, प्रतिदिन 250 रुपये प्रशिक्षुवृत्ति

उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड ने बस्ती जिले के माटीकला कारीगरों और शिल्पकारों के लिए कौशल विकास का अवसर प्रदान किया है। ‘माटीकला कौशल विकास योजना’ के तहत 20 चयनित कारीगरों को 15 दिवसीय निःशुल्क शिल्पकारी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय होगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को प्रतिदिन 250 रुपये की प्रशिक्षुवृत्ति भी मिलेगी। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एल.बी. सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का आयोजन मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र, बस्ती करेगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक माटीकला शिल्प को बढ़ावा देना और कारीगरों को आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही, उनके परिवार के किसी सदस्य ने पहले किसी विभाग या संस्था से माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण प्राप्त न किया हो। इच्छुक कारीगर 20 मई 2026 तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, बस्ती में संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन माटीकला बोर्ड की वेबसाइट upmatikalaboard.in पर किया जाएगा। योजना के तहत एक परिवार से केवल एक व्यक्ति ही पात्र होगा। जिन लाभार्थियों को इस योजना का लाभ पहले मिल चुका है, वे दोबारा आवेदन नहीं कर पाएंगे। ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करते समय कुछ दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। इनमें पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति शामिल हैं। विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय अवधि में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, बस्ती से संपर्क किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7239005969 और 9044610496 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *