लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कल्ली पूरब घाघ में सोमवार सुबह एक राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बब्लू गौतम (40) पुत्र श्री राम निवासी ग्राम कल्ली पूरब घाघ के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का काम करता था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि बब्लू ने अपने घर के प्रथम तल पर बने कमरे में बिजली के पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली है। सूचना पर पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने जांच पड़ताल की। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, 13 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई कर आगे की विधिक प्रक्रिया में जुटी है।


