शादी वाले परिजन पहुंच रहे रसद विभाग, कार्ड के साथ कर रहे सिलेंडरों के लिए आवेदन

शादी वाले परिजन पहुंच रहे रसद विभाग, कार्ड के साथ कर रहे सिलेंडरों के लिए आवेदन

– प्रति कार्ड पर शहर में 3 और ग्रामीण में मिलेंगे 2 व्यावसायिक सिलेंडर

धौलपुर. ईरान-इजरायल और अमेरिकी युद्ध भले अभी रुका हुआ है लेकिन पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई एशिया महाद्वीप में सुचारू नहीं हुई है। देश में एलपीजी सिलेंडरों को लेकर मारामारी है और सरकार ने गैस कंपनियोंं को दिशा-निर्देशों के अनुसार ही सिलेंडर सप्लाई देने के लिए निर्देश दे रखे हैं। लेकिन इन दिनों शादी समारोहों के चलते शादी वालों परिवारों के लिए एलपीजी सिलेंडर एक टेढ़ी खीर बच गया। सख्त नियमों के चलते अब सिलेंडर पूर्व की तरह आसानी से उपलब्ध नहीं है और सरकार ने बुकिंग की एक समय सीमा तय कर रखी है। लेकिन सालिगों को देखते हुए राज्य सरकार ने गत दिनों शादी वाले परिवार को शहर में 3 व्यावयायिक और ग्रामीण क्षेत्र में 2 सिलेंडर देने के निर्देश जिला रसद विभाग को दिए हैं। जिसके बाद से शादी वाले परिवार कार्ड लेकर आवेदन करने रसद विभाग कार्यालय पहुंच रहे हैं। यहां एंट्री करवा कर उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराने की रसीद दी जा रही है। कार्ड के साथ आईडी की प्रति भी जमा हो रही है। सोमवार तक जिला रसद विभाग को शादी वाले परिवारों के करीब 500 आवेदन मिल चुके हैं। उक्त सिलेंडर शादी से दो से तीन दिन पहले ही उपलब्ध होंगे।

हलवाई ने लिखवा दिए 8 से 12 सिलेंडर

शादी समारोह में पहले प्रत्येक स्टॉल पर भोजन गर्म रखने के लिए अलग-अलग सिलेंडर लगाए जाते थे। लेकिन सिलेंडर नहीं मिलने से कैटरिंग वाले अब अन्य प्रबंध कर रहे हैं। जिससे सिलेंडर लगे हैं। वहीं, सीमित मात्रा में सिलेंडरों को लेकर काफी परिवार परेशान हैं। कहना है कि हलवाई ने तो 8 से एक दर्जन सिलेंडर लिखवा रखे हैं। जबकि सरकार ने अनुमानित खपत के अनुसार व्यावसायिक सिलेंडरों की सीमा तय कर रखी है। व्यावसायिक सिलेंडर में 19.5 किलोग्राम गैस आती है जबकि घरेलू में 14.5 किग्रा है।

ग्रामीण क्षेत्र में भट्टी खुदवा रहे लोग

उधर, ग्रामीण क्षेत्र में परेशानी को देखते हुए लोग पुराने तरीके भट्टी का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, भट्टी का काम कम होने और हलवाई नहीं मिलने से भी समस्या आ रही है। उधर, मैरिज होम में भट्टी खुदवाई के लिए भी तलाश बनाई जा रही है। ज्यादातर हिस्सा पक्का होने से दिक्कत आ रही है।- जिन परिवारों में शादी है, उनके परिजन कार्ड की प्रति और आइडी देकर नियमानुसार शहर में 3 व्यावसायिक और ग्रामीण क्षेत्र में 2 सिलेंडर ले सकते हैं। गैस एजेंसियों को लेकर स्पष्ट निर्देश पूर्व में दे रखे हैं।

– मणि खींची, जिला रसद अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *