गोंडा में सोमवार देर रात करीब 12 बजे आई तेज आंधी और बारिश के कारण रेलमार्ग और सड़क मार्ग दोनों बाधित हो गए। मनकापुर-अयोध्या धाम रेल मार्ग पर एक पेड़ गिर जाने से ट्रेनों का आवागमन रुक गया। मनकापुर से अयोध्या धाम की ओर जा रही मालगाड़ी 12सी, नवाबगंज के पास किशुनदासपुर और पर्वती गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण फंस गई। यह मालगाड़ी मंगलवार सुबह 8 बजे तक, यानी 8 घंटे से अधिक समय तक ट्रैक पर खड़ी रही। इसी मार्ग पर मनकापुर-अयोध्या होते हुए लखनऊ जाने वाली वंदे भारत ट्रेन भी एक घंटे से मनकापुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी है। आगे ट्रैक पर पेड़ होने के कारण इसे रवाना नहीं किया जा सका है। ट्रेनों के आवागमन में बाधा के चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारी व कर्मचारी पेड़ हटाने के कार्य में जुटे हुए हैं।पेड़ गिरने की सटीक जगह की जानकारी अभी रेलवे और RPF अधिकारियों को नहीं मिल पाई है। हालांकि, यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पेड़ अयोध्या की सीमा में कहीं गिरा है, जहां उसे काटकर हटाने का काम जारी है।कटरा रेलवे स्टेशन मास्टर संतोष त्रिपाठी ने बताया कि रात करीब 12 बजे से मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी है। तेज आंधी के कारण रेलवे लाइन पर पेड़ गिरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। मनकापुर आरपीएफ प्रभारी अनिरुद्ध कुमार ने पुष्टि की कि वंदे भारत ट्रेन भी रुकी हुई है और जल्द ही ट्रेनों का संचालन शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।


