Restaurant Style Biryani Recipe: बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है और ऐसे मौसम में कुछ मसालेदार और टेस्टी खाने का मन होना बिल्कुल आम बात है। अगर आप भी घर पर रेस्टोरेंट स्टाइल बिरयानी बनाना चाहते हैं, तो Celebrity Chef रणवीर बरार की कटहल बिरयानी रेसिपी (Kathal Biryani Recipe) ट्राई कर सकते हैं। इस आसान Recipe में कटहल को खास मसालों और दम स्टाइल कुकिंग के साथ तैयार किया जाता है, जिससे इसका स्वाद बेहद लाजवाब बन जाता है।
कटहल मैरिनेट करने की सामग्री (Ingredients for Jackfruit Marination)
- 1 किलो कटहल – छिला हुआ और टुकड़ों में कटा हुआ
- ¼ कप ताजे पुदीने के पत्ते
- 1 छोटा चम्मच शाही जीरा
- ¼ कप ताजे धनिया के पत्ते
- नमक स्वादानुसार
- 1 ½ छोटा चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर
- ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- ½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- ¼ कप तले हुए प्याज का तेल
- 2 कप फेंटा हुआ दही
- 1 बड़ा चम्मच तैयार किया हुआ बिरयानी मसाला
- 2-3 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
मैरिनेशन की विधि: एक बड़े बर्तन में कटे हुए कटहल में पुदीना पत्ते, जीरा, धनिया, नमक, देगी लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, तेल, दही, बिरयानी मसाला और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर मैरिनेट होने के लिए कम से कम आधे घंटे के लिए छोड़ दें।
बिरयानी मसाला कैसे बनाएं
आप बिरयानी मसाला बाजार से भी खरीद सकते हैं या गरम मसालों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन रणवीर बरार की तरह बनाने के लिए नीचे दिए गए मसालों को हल्का सा भूनकर दरदरा पीस लें-
- 10-12 हरी इलायची
- 2 जावित्री
- 4-5 लौंग
- 1 बड़ा चम्मच काली मिर्च के दाने
- 1 बड़ी इलायची
- 1 ½ इंच दालचीनी
- 3-4 तेजपत्ता
कटहल बिरयानी के लिए चावल तैयार करें
जब तक कटहल मैरिनेट हो रहा है, तब तक बिरयानी के लिए चावल तैयार करें। इसके लिए 3 कप सेला बासमती चावल को 1 तेजपत्ता, ½ छोटा चम्मच बिरयानी मसाला, नमक और 2 छोटा चम्मच घी को आवश्यकतानुसार पानी गर्म करें और उसमें चावल डालकर 90 प्रतिशत तक पका लें।
कटहल को पकाने की विधि
मैरिनेट किए हुए कटहल को पकाने के लिए एक पैन में ¼ कप तेल गरम करें। इसमें 1 तेजपत्ता और 2 ½ लंबे कटे हुए प्याज डालकर भूनें। अब इसमें मैरिनेट किया हुआ कटहल और 1 हरी मिर्च डालकर अच्छे से पकाएं। अगर पानी कम लगे, तो चावल उबालने वाले पानी में से ½ कप पानी निकालकर इसमें डाल सकते हैं।
बिरयानी की लेयर कैसे लगाएं
रणवीर बरार स्टाइल में कटहल बिरयानी बनाने के लिए, कटहल पक जाने के बाद जब उसमें से तेल ऊपर आने लगे, तो इसमें ½ कप बचा हुआ अतिरिक्त तेल, ½ छोटा चम्मच बिरयानी मसाला, 1 छोटा चम्मच शाही जीरा और 2 बड़े चम्मच ताजी क्रीम मिलाकर एक क्रीम तैयार कर लें।
बिरयानी असेंबल करना
बिरयानी असेंबल करने के लिए सबसे पहले बर्तन में पके हुए कटहल की लेयर लगाएं। इसके बाद चावल का पहला बैच डालें। फिर बचा हुआ पका हुआ कटहल, 1 बड़ा चम्मच धनिया पत्ता, 1 बड़ा चम्मच पुदीना पत्ता, 3-4 हरी मिर्च और ½ छोटा चम्मच बिरयानी मसाला डालें। इसके बाद चावल का दूसरा बैच डालें और ऊपर से तैयार किया हुआ क्रीम मिश्रण, थोड़े से तले हुए प्याज, धनिया के पत्ते, ½ छोटा चम्मच केवड़ा जल और 1 बड़ा चम्मच घी डालें। अब इसे दम लगाकर पकने के लिए छोड़ दें। दम लगाने के थोड़ी देर बाद गैस बंद कर दें और इसे गरमा-गरम रायते के साथ सर्व करें।


