जयपुर के महेश नगर थाना इलाके स्थित सूर्य नगर कॉलोनी में बुधवार शाम एक मकान में भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर पेन, किताबें और स्टेशनरी का गोदाम बना हुआ था, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। शाम करीब साढ़े चार बजे लगी आग पर दमकलकर्मियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मकान में चार से पांच छात्र किराए पर रहकर पढ़ाई करते थे। वहीं मौके से तीन घरेलू गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। यदि सिलेंडरों तक आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी अब मकान मालिक की जानकारी जुटाने में लगे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मकान में कब से गोदाम जैसी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं और वहां किस प्रकार का काम किया जा रहा था।


