महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के समूह में शामिल नौ वर्षीय बच्चे पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद सैकड़ों स्थानीय लोगों ने बच्चे की तलाश की और बाद में बच्चा पास की झाड़ियों में घायल अवस्था में मिला।
हैदराबाद का रहने वाला यह बच्चा शनिवार देर रात बल्लारपुर कस्बे से चंद्रपुर शहर स्थित माता महाकाली मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के एक समूह में शामिल था। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चा अपने एक पड़ोसी के साथ पैदल जा रहा था, तभी विसापुर टोल नाके के पास एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग पुलिस और वन विभाग की टीमों के साथ बच्चे की तलाश में जुट गए।
अधिकारी ने बताया कि बाद में बच्चा पास की झाड़ियों में घायल अवस्था में मिला। उन्होंने बताया कि उसकी गर्दन पर गहरा घाव था, जिसके कारण वह मदद के लिए आवाज नहीं लगा पा रहा था और इसी वजह से आसपास तलाश कर रहे लोगों की भी शुरुआत में उस पर नजर नहीं पड़ी। बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारी ने बताया कि तेंदुए का पता लगाने के लिए इलाके में कैमरे लगाए गए हैं।

