लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी (इकाना) क्रिकेट स्टेडियम में IPL 2026 सीजन का 38वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में KKR ने LSG को हरा दिया है।
IPL 2026, LSG vs KKR: आईपीएल 2026 का 38वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीमों के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में KKR ने LSG को सुपर ओवर में हरा दिया है। KKR और LSG के बीच खेले गए मैच में रिेंकू सिंह ने शानदार पारी खेली और अकेले मैच का रुख बदल दिया।
KKR ने 20 ओवर में बनाए 155 रन
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए। इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 8 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए और मुकाबला टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में KKR की ओर से गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी सुनील नरेन को सौंपी गई।
नरेन ने पहली ही गेंद पर LSG के बल्लेबाज निकोलस पूरन को क्लीन बोल्ड कर दिया। वहीं, दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत ने 1 रन बनाया। इस ओवर की तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम ने भी बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन बाउंड्री लाइन पर रोवमैन पॉवेल ने शानदार फील्डिंग करते हुए छक्के की ओर जाती गेंद को रिंकू के साथ मिलकर कैच में तब्दील कर दिया। LSG की टीम सुपर ओवर में महज 1 रन ही बना सकी।
रिंकू सिंह ने सुपर ओवर की पहली गेंद पर लगाया चौका
सुपर ओवर में LSG से मिले 2 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम KKR की तरफ से रिंकू सिंह बल्लेबाजी करने आए। रिंकू सिंह ने सुपर ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाया और टीम को जीत दिलाई। रिंकू सिंह ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली। रिंकू ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 5 छक्के लगाए। रिंकू ने सुनील नरेन (नाबाद 4 रन) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 62 रन जोड़े।
LSG ने की खराब शुरुआत
KKR से मिले 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी LSG की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मिचेल मार्श सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मार्करम ने 27 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि पंत ने 38 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया। पंत ने अपनी पारी में 4 चौके और एक छक्का लगाया। निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह 9 रन ही बना सके। मुकुल चौधरी महज एक रन बनाकर अनुकूल रॉय का शिकार बने।
आयुष बदोनी ने 19 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। वहीं, जॉर्ज लिंडे 8 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने। आखिरी ओवर में जीत के लिए एलएसजी को 17 रनों की दरकार थी और क्रीज पर हिम्मत सिंह और मोहम्मद शमी मौजूद थे। ओवर की पहली गेंद पर शमी ने एक रन लिया। इसके बाद केकेआर के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगली दो गेंदें नो-बॉल फेंकी, जिस पर हिम्मत 6 रन बटोरने में सफल रहे।
शमी ने छक्का लगाकर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचाया
ओवर की तीसरी गेंद पर कार्तिक ने हिम्मत सिंह की 10 गेंदों में खेली गई 19 रनों की पारी का अंत कर दिया। ओवर की चौथी गेंद पर प्रिंस यादव ने एक रन लिया, तो पांचवीं गेंद डॉट रही। ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने जोरदार छक्का लगाया और मैच को टाई कराते हुए सुपर ओवर में पहुंचा दिया। शमी 6 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में केकेआर की तरफ से वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने दो-दो विकेट चटकाए।
इससे पहले, केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, टिम सीफर्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। अंगकृष रघुवंशी 9 रन ही बना सके। रोवमैन पॉवेल को एक रन के स्कोर पर मोहसिन खान ने पवेलियन भेजा। कैमरून ग्रीन ने 21 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। गेंदबाजी में LSG की तरफ से मोहसिन खान ने 4 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट निकाले। वहीं, जॉर्ज लिंडे ने एक विकेट चटकाया।
Sports – Patrika | CMS




Mohd. Shami with a last ball six to take the game to a SUPER OVER 