Lucknow Super Giants vs Kolkata Knight Riders Pitch and Weather Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 38वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वजपाई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा देखने को मिलेगी।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम की पिच का हाल
लखनऊ की पिच काली मिट्टी से तैयार की जाती है, जिसकी वजह से यह हमेशा गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों के लिए मददगार साबित होती रही है। यहां बल्लेबाजों के लिए रन बनाना अक्सर चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यह पिच आमतौर पर धीमी होती है, जिसमें उछाल कम मिलता है और गेंद रुक-रुककर आती है। ऐसी स्थितियों में स्पिनरों को अच्छी टर्न मिलने की संभावना रहती है। बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में स्ट्रोक खेलने में काफी दिक्कत होती है, क्योंकि गेंद आसानी से बल्ले पर नहीं आती। मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, पिच सूखती और खराब होती जाती है, जिससे स्पिनरों को और अधिक मदद मिलती है। इसलिए शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है और धैर्य के साथ खेलना होता है।
लखनऊ के मौसम का हाल
मौसम की बात करें तो 26 अप्रैल को लखनऊ बेहद गरम रहेगा। यहां दिन के समय अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने का अनुमान है। क्योंकि यह मुक़ाबला रात को खेला जाना है, ऐसे में खिलाड़ियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। मैच के दौरान उमस 20 % रहेगी। वहीं हवा 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
दोनों ही टीमों का बेहद निराशाजनक प्रदर्शन
एलएसजी और केकेआर दोनों ही टीमों का सीजन में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा है। एलएसजी 7 मैचों में 2 जीत से 4 अंक लेकर अंकतालिका में नौवें स्थान पर है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने 7 मैचों में सिर्फ 1 मैच जीता है और 3 अंक के साथ दसवें स्थान पर है। मुकाबले में उतरते हुए एलएसजी के पास एक अतिरिक्त अंक के अलावा सीजन में केकेआर के खिलाफ मिली जीत की मनोवैज्ञानिक बढ़त भी है। एलएसजी ने सीजन में केकेआर के खिलाफ पहली मुलाकात में 3 रन से जीत हासिल की थी। यह मैच इडन गार्डेन्स, कोलकाता में खेला गया था।
दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड
एलएसजी की कोशिश अपने घर में केकेआर के खिलाफ जीत हासिल कर जीत के ट्रैक पर लौटने की होगी, जबकि केकेआर पिछली मुलाकात में मिली हार का बदला लेने की कोशिश करेगी। केकेआर के लिए अच्छी बात यह है कि टीम ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना पिछला मुकाबला 4 विकेट से जीता था, जबकि एलएसजी को अपने पिछले 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। एलएसजी और केकेआर के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं। एलएसजी ने 5 और केकेआर ने 2 मैचों में जीत हासिल की है। एक मैच का परिणाम नहीं आया है।


