करनाल में गन्ने की फसल जलाकर 8 लाख का नुकसान:जमीन कब्जाने की नीयत से लगाई आग,ट्रैक्टर-हैरो से भी फसल रौंदी

करनाल में गन्ने की फसल जलाकर 8 लाख का नुकसान:जमीन कब्जाने की नीयत से लगाई आग,ट्रैक्टर-हैरो से भी फसल रौंदी

करनाल जिला के इन्द्री थाना क्षेत्र में खेत में लगी गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाने और आग लगाने का मामला सामने आया है। 14 अप्रैल और 28 अप्रैल को दो अलग-अलग घटनाओं में आरोपियों ने ट्रैक्टर और हैरो से फसल खराब की और बाद में आग लगाकर भारी नुकसान कर दिया। पीड़ित पक्ष ने डायल-112 पर पुलिस को बुलाया। करीब एक महीने बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई और पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने दी पूरी जानकारी
गांव बाबकपुर निवासी नायब कौर पत्नी गुरमीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अजमेर सिंह की पुत्री है और उसकी शादी 1987 में गुरमीत सिंह के साथ हुई थी। उसके पिता अजमेर सिंह की मृत्यु अप्रैल 2008 में हो गई थी। परिवार में कुल पांच भाई-बहन हैं। परिवार और जमीन का बंटवारा
नायब कौर ने बताया कि उसके पिता ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी सुरजीत कौर से राजबीर सिंह और दूसरी पत्नी प्रीतम कौर से रणदीप सिंह, बलजीत सिंह और कुलदीप सिंह हैं। पिता की मृत्यु के बाद उसके नाम 4 एकड़ 4 कनाल जमीन आई थी, जबकि कुछ जमीन रणदीप सिंह के नाम कर दी गई थी। ठेके पर दी हुई थी जमीन
नायब कौर ने अपनी जमीन दो साल पहले प्रीतपाल पुत्र हरिंद्र सिंह निवासी धुमसी को ठेके पर दी थी। प्रीतपाल ने करीब 3 एकड़ जमीन में गन्ना लगाया हुआ था, जिसे बीज के लिए तैयार किया जा रहा था।्र पहली घटना में फसल को रौंदा
बीती 14 अप्रैल को दिन के समय भुपिंद्र सिंह पुत्र राजबीर अपने साथियों के साथ तीन ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने ट्रैक्टर और हैरो से गन्ने की फसल को बुरी तरह खराब कर दिया। दूसरी घटना में लगाई आग
इसके बाद 28 अप्रैल को शाम करीब 8 बजे भुपिंद्र सिंह अपने कई साथियों के साथ फिर खेत में पहुंचा। सभी ने मिलकर योजना बनाते हुए हथियारों के साथ गन्ने की फसल में आग लगा दी। साथ ही ट्रैक्टर और हैरो टीलर से फसल को और नुकसान पहुंचाया। इस घटना में ठेकेदार प्रीतपाल सिंह को करीब 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ। डायल 112 पर दी सूचना
घटना के समय नायब कौर ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ट्रैक्टर लेकर वहां से फरार हो गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि वे जमीन पर कब्जा करके रहेंगे और पहले भी कई कब्जे कर चुके हैं। आरोपियों ने उसे जमीन छोड़ने की धमकी दी और दोबारा खेत में आने पर जान से मारने की चेतावनी दी। कब्जे की नीयत से किया नुकसान
नायब कौर का आरोप है कि भुपिंद्र सिंह ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाया। उसने आरोपी को शरारती प्रवृत्ति का बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस शिकायत पर इन्द्री थाना में मुकदमा 15 मई की रात को दर्ज किया गया। मामले की जांच एसआई गुरजीत सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *