जावरा में रिटायर्ड शिक्षक से 10 हजार रिश्वत लेते पकड़ाया बाबू, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

जावरा में रिटायर्ड शिक्षक से 10 हजार रिश्वत लेते पकड़ाया बाबू, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

Jaora News : सरकार की तमाम सख्तियों और छापामार टीमों की लगातार कार्रवाईयों के बावजूद मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आलम ये है कि, रोजाना सूबे के किसी न किसी दफ्तर में रिश्वतखोर रंगेहाथों पकड़ाता है। इसी तर्ज पर लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने रतलाम जिले के जावरा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी सेवानिवृत्त शिक्षक का पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र जारी कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।

बताया जा रहा है कि, आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट, निवासी विश्रामगृह के पीछे, जावरा और सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। दर्ज शिकायत के जरिए बताया गया था कि, उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी कराने के लिए अनिल वर्मा सहायक ग्रेड-2 (बाबू), संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।

10 हजार लेते ही धराया रिश्वतखोर बाबू

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में ट्रैप योजना बनाई गई। सोमवार को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल वर्मा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

रजिस्टर के नीचे छिपा दी रकम

लोकायुक्त टीम के अनुसार, पकड़े गए बाबू ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में लेकर टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी। फिलहाल, टीम ने मौके से उक्त राशि बरामद कर ली है।

भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम शामिल रहे।

खास बातें

-जावरा के शासकीय कमला नेहरू क्षेत्र माध्यमिक विद्यालय के बाबू रिश्वत लेते पकड़ाया
-पेंशन के प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 10 हजार की रिश्वत मांगी गई
-लोकायुक्त उज्जैन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबू अनिल वर्मा को 10 हजार रुपए लेते पकड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *