जैतहरी नप में लोकायुक्त डीएसपी ने की जांच:निर्माण कार्यों में अनियमितता पर दस्तावेज जब्त, सीएमओ के बयान दर्ज

जैतहरी नप में लोकायुक्त डीएसपी ने की जांच:निर्माण कार्यों में अनियमितता पर दस्तावेज जब्त, सीएमओ के बयान दर्ज

अनूपपुर के नगरपरिषद जैतहरी में मंगलवार दोपहर लोकायुक्त रीवा डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना निर्माण कार्यों में अनियमितता की जांच की। इस दौरान उन्होंने सीएमओ कार्यालय से संबंधित दस्तावेज जब्त किए और सीएमओ भूपेंद्र सिंह का बयान भी दर्ज किया। डीएसपी परिहार दोपहर 12 बजे के बाद नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और लगभग एक घंटे तक छानबीन की। उन्होंने बताया कि यह जांच वित्तीय अनियमितता और निर्माण कार्यों में नियमों का पालन न करने की शिकायत से संबंधित है। फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जांच पूरी होने और सत्यता पाए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। लोकायुक्त डीएसपी ने शिकायतकर्ता का नाम उजागर नहीं किया। नगर परिषद जैतहरी के सीएमओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत निर्माण कार्य का ठेका शिव महिमा कंस्ट्रक्शन कंपनी रीवा को दिया गया था। कंपनी ने निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं किया, जिसके बाद नगर परिषद ने 3-4 बार नोटिस जारी किए। संतोषजनक जवाब न मिलने और काम पूरा न होने पर नगर परिषद ने कंपनी की लगभग 10 लाख रुपये की अमानत राशि जब्त कर ली। सीएमओ के अनुसार, कंपनी ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद ने बिना किसी नियम और सूचना के अमानत राशि जब्त की है, जिसकी शिकायत की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस काम के लिए पहले 9 प्रतिशत बिलो पर ठेका मिला था, जबकि बाद में दूसरी निविदा पर 2 प्रतिशत बिलो पर कार्यादेश जारी हुए थे। जांच के बाद लोकायुक्त डीएसपी रीवा वापस लौट गए हैं। इस दौरान जांच से संबंधित दस्तावेज और बयान दर्ज किए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *