फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह 4 बजे करीब एक तेज रफ्तार लोडर ने चौपाल में सो रहे दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का लोहिया जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव बलीपुर भगवंत उलियापुर में रामू यादव (30) अपने चचेरे भाई शिवम यादव (25) के साथ सड़क किनारे बनी अपनी चौपाल में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे कायमगंज से फर्रुखाबाद की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार लोडर ने उनकी खाट पर चढ़कर दोनों को कुचल दिया। हादसे में रामू यादव लोडर के नीचे दब गए और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, शिवम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद ले जाया गया, जहां डॉ. अलीम अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शिवम यादव का उपचार फिलहाल जारी है। थाना पुलिस ने मृतक रामू यादव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रामू यादव का विवाह 2012 में सोनी से हुआ था। उनके दो बच्चे हैं, 10 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष यादव और 8 वर्षीय पुत्री मन्नत। रामू अपने परिवार में पांच भाइयों में सबसे बड़े थे, जिनमें सुखदेव, नरदेव, अनिकेश और आदित्य शामिल हैं। उनके पिता नरेंद्र हैं।


