लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आए 5 राज्यों के चुनाव परिणामों के बीच केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा प्रहार किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि बंगाल और असम के परिणाम भी उसी ‘प्लेबुक’ का हिस्सा हैं, जो हमने मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र में देखी है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने संस्थाओं की मदद से लोकतंत्र को बंधक बना लिया है। बंगाल में 100 से अधिक सीटों पर जनादेश की चोरी हुई है। मध्य प्रदेश में जिस तरह चुनी हुई सरकार और जनमत को दरकिनार किया गया था, वही खेल अब चुनाव आयोग की शह पर इन राज्यों में दोहराया जा रहा है। राहुल ने एमपी के लोकसभा चुनाव का किया जिक्र राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में विशेष रूप से मध्य प्रदेश का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह मध्य प्रदेश में जनता के वोट और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा को ताक पर रखकर सत्ता का ‘अपहरण’ किया गया था, अब वही मॉडल चुनावों को जीतने के लिए इस्तेमाल हो रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा पहले चुनाव आयोग के जरिए मतदाता सूचियों और वोटिंग प्रक्रिया को प्रभावित करती है और फिर जहां हारती है, वहां ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ या दबाव की राजनीति का सहारा लेती है। राहुल ने आगाह किया कि यदि संस्थाओं की यह ‘चोरी’ नहीं रुकी, तो देश में चुनाव का कोई अर्थ नहीं रह जाएगा। राहुल गांधी ने अंग्रेजी में यह ट्वीट किया असम और बंगाल चुनाव चोरी के स्पष्ट मामले हैं, जिसे भाजपा ने चुनाव आयोग (EC) के समर्थन से अंजाम दिया है। हम ममता जी की बात से सहमत हैं। बंगाल में 100 से ज्यादा सीटें चुराई गईं। हम यह खेल (प्लेबुक) पहले भी देख चुके हैं: मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, लोकसभा 2024 आदि। चुनाव चोरी, संस्था चोरी – अब और चारा ही क्या है।


