फलोदी जिले के बावड़ी कला गांव में आज दोपहर बाद एक मजदूर का झोपड़ा आग लगने से पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में घर में रखा सामान, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पीड़ित मजदूर की बावड़ी कला निवासी प्रकाश ने बताया-आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों के पहुंचने और उस पर काबू पाने से पहले ही पूरा झोपड़ा जल चुका था। एक लाख रुपए की नगदी जली आगजनी की इस घटना में परिवार का पहनने का सामान, बिस्तर, बर्तन, अनाज और खाने-पीने का पूरा सामान नष्ट हो गया। इसके अतिरिक्त, मजदूरी से बचाकर रखी गई लगभग 1 लाख रुपए की नकदी भी जल गई। नगदी, जेवरात और दस्तावेज जले महिला के सोने के आभूषण, जिनमें आधा तोला रखड़ी, एक अंगूठी और आधा तोला सोने की कंठी आग की भेंट चढ़ गए। परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और जन आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित के अनुसार, इस हादसे में 3 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार के सामने भोजन और रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। परिवार को मदद देने की अपील प्रकाश ने फलोदी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर मामले की जांच, उचित कार्रवाई और सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत प्रदान करने का आग्रह किया है।


