कोलकाता में अक्टूबर की शुरुआत फुटबॉल फैंस के लिए बेहद खास होने वाली है। पांच बार की विश्व कप विजेता ब्राजील की टीम 3 अक्टूबर को भारतीय फुटबॉल टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने 26 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में विनीसियस जूनियर, राफिन्या और एंड्रिक जैसे बड़े सितारे शामिल हैं।मुकाबला कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा। गौरतलब है कि वरिष्ठ पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के इतिहास में भारत और ब्राजील की टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। इसलिए यह मुकाबला भारतीय फुटबॉल के लिए खास महत्व रखता है। मौजूदा फीफा विश्व रैंकिंग में ब्राजील पांचवें स्थान पर है, जबकि भारत 138वें पायदान पर है।ब्राजील के आक्रमण की कमान रियल मैड्रिड के विनीसियस जूनियर और बार्सिलोना के राफिन्या जैसे खिलाड़ियों के हाथों में होगी। रियल मैड्रिड के युवा स्टार एंड्रिक को भी टीम में जगह मिली है। इसके अलावा चेल्सी के एस्तेवा और जोआओ पेड्रो, बॉर्नमाउथ के रायन तथा फ्लामेंगो के पेड्रो और सैमुएल लिनो भी एंसेलोटी की पसंद में शामिल हैं।मध्यपंक्ति में ब्राजील के लिए नए आर्सेनल खिलाड़ी ब्रूनो गिमाराएस प्रमुख नाम हैं। वह अगस्त में न्यूकैसल यूनाइटेड से मौजूदा इंग्लिश प्रीमियर लीग चैंपियन आर्सेनल में शामिल हुए हैं। आंद्रे सैंटोस, ब्रेनो बिदोन, डानिलो सैंटोस, डगलस लुइज और गैब्रियल बोन्तेम्पो को भी टीम में जगह दी गई है। डगलस लुइज लोन की अवधि पूरी होने के बाद एस्टन विला से जुड़े रहने के बजाय युवेंटस लौट चुके हैं और 2026-27 सत्र के लिए इटली के इस क्लब का हिस्सा हैं।डिफेन्स लाइन में आर्सेनल के गैब्रियल मागालाएस और पेरिस सेंट-जर्मेन के मारक्विन्होस अनुभव का सहारा देंगे। मैनचेस्टर सिटी के वितोर रेस, नॉटिंघम फॉरेस्ट के जाइर, रोमा के वेस्ली और पीएसवी के मौरो जूनियर को भी टीम में शामिल किया गया है।बता दें कि 2026 विश्व कप के बाद एंसेलोटी की यह पहली ब्राजील टीम है और इसमें बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। विश्व कप में शामिल ब्राजील की 26 सदस्यीय टीम में से केवल नौ खिलाड़ी इस बार भी चुने गए हैं। इनमें डगलस सैंटोस, गैब्रियल मागालाएस, मारक्विन्होस, डानिलो सैंटोस, ब्रूनो गिमाराएस, एंड्रिक, राफिन्या, रायन और विनीसियस जूनियर शामिल हैं।इस बार कई अनुभवी खिलाड़ी टीम से बाहर हैं। नेमार विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले चुके हैं। इसके अलावा कासेमिरो, एलिसन, एडर्सन, डानिलो और वेवर्टन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का नाम भी इस टीम में नहीं है। इससे साफ है कि एंसेलोटी ने आने वाले दौर के लिए नई पीढ़ी को ज्यादा मौका देने का फैसला किया है।मौजूद जानकारी के अनुसार, भारत आने से पहले ब्राजील की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मुकाबले खेलेगी। पहला मैच 25 सितंबर को टाउन्सविल और दूसरा 29 सितंबर को ब्रिस्बेन में होगा। इसके चार दिन बाद ब्राजील की टीम कोलकाता पहुंचेगी।भारतीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील भी पहले ही 26 सदस्यीय टीम घोषित कर चुके हैं। इसमें गुरप्रीत सिंह संधू, अनवर अली, अनिरुद्ध थापा, सहल अब्दुल समद और मनवीर सिंह जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। भारत को ब्राजील के अलावा पनामा और उरुग्वे के खिलाफ भी मुकाबले खेलने हैं।भारत और ब्राजील के बीच विश्व फुटबॉल की ताकत में बड़ा अंतर जरूर है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के लिए दुनिया की शीर्ष टीम के खिलाफ खेलने का यह अनुभव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर घरेलू दर्शकों के सामने विनीसियस जूनियर और राफिन्या जैसे सितारों का खेल देखना भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए यादगार मौका होने वाला है। 3 अक्टूबर का यह मुकाबला भारत में फुटबॉल की लोकप्रियता और बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
Hindi News – News in Hindi – Latest News in Hindi | Prabhasakshi

