केरलम सरकार ने बुधवार को कोच्चि के पुलिस आयुक्त कालिराज महेश कुमार का तबादला कर दिया और उनकी जगह आर. निशांतिनी को नियुक्त किया। राज्य सरकार ने यह कदम अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे से जुड़े एक सड़क हादसे के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बढ़ते विवाद के बीच उठाया गया। कुमार का तबादला चेरानल्लूर पुलिस थाने के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने के एक दिन बाद किया गया।
इन पुलिसकर्मियों पर हादसे में जान गंवाने वाले एक भोजनालय के मालिक जयबालकृष्णन (55)की मौत की जांच में कथित लापरवाही बरतने का आरोप है। आरोप है कि न्यायाधीश का नाबालिग बेटा मर्सिडीज-बेंज कार चला रहा था जिसने स्कूटर सवार जयबालकृष्णन को टक्कर मारी थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया है और मामले से निपटने के तरीके पर सवाल उठाए।
परिवार ने नाबालिग को शुरुआत में थाने से ही जमानत पर रिहा करने और साक्ष्य दबाने की कोशिश करने के आरोप लगाए। सरकारी आदेश के अनुसार, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की 2008 बैच की अधिकारी निशांतिनी का तत्काल प्रभाव से दक्षिण क्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक के पद से तबादला कर कोच्चि शहर का पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। सरकार ने 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी पी. प्रकाश को दक्षिण क्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया है।
प्रकाश निवर्तमान में राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। आदेश के मुताबिक प्रकाश राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो और साइबर अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे। मामले में कथित चूक की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रारंभिक जांच किए जाने के बाद पुलिस आयुक्त का तबादला किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि उक्त सड़क हादसा गत शनिवार देर रात कोच्चि के चेरानल्लूर में हुआ था। चित्तूर के पास सड़क किनारे भोजनालय चलाने वाले जयबालकृष्णन अपनी दुकान बंद करने के बाद स्कूटर से घर लौट रहे थे, तभी कथित तौर पर मर्सिडीज-बेंज कार ने पीछे से उनके वाहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी।

