KKR vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में आज बुधवार 20 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच ईडन गार्डंस में बेहद अहम मुकाबला खेला जा रहा है। केकेआर के लिए प्लेऑफ के लिहाज से ये मैच बेहद ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम के लिए अब हर मैच करो या मरो वाला है। केकेआर के लिए अच्छी खबर ये है मुंबई इंडियंस 10 ओवर में सिर्फ 64 रन बना सकी है।
9.15 बजे फिर से शुरू हुआ मैच
केकेआर की टेंशन उस समय बढ़ गई होगी, जब 8 ओवर ही कंपलीट हुए थे और बारिश शुरू हो गई। 8.15 बजे अचानक तेज बारिश के चलते मैच रोकना पड़ा। हालांकि आधे घंटे बाद ही बारिश रुकने पर अंपायर्स ने कवर हटाने के निर्देश जारी किए।
दरअसल, ईडन गार्डन्स में ड्रेनेज काफी अच्छा है और अगर आगे बारिश नहीं हुई तो जल्द ही फिर से शुरू हो सकता है। बारिश रुकने के बाद दर्शकों में उत्साह देखते ही बनता है। दर्शक जोरदार चीयर्स कर रहे हैं। अंपायरों ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद 9.15 बजे से फिर से मैच शुरू कराया।
एक नजर मैच पर
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद ही खराब रही। एमआई को पहला झटका महज 17 के स्कोर पर 2.3 ओवर में कैमरन ग्रीन ने रयान रिकेल्टन (6) को मनीष पांडे के हाथों कैच आउट कराकर दिया। इसके बाद उसी ओवर की अंतिम गेंद पर ग्रीन ने नमन धीर को भी विकेट के पीछे आउट कराकर दूसरा बड़ा झटका दिया। धीन बगैर खाता खोले आउट हुए।
इसके बाद रोहित शर्मा का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए, जिन्होंने कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन इसी बीच 23 के स्कोर पर रोहित शर्मा के रूप में मुंबई को तीसरा झटका लगा। रोहित 13 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर सौरभ दुबे का शिकार बने। फिर सूर्या भी छह गेंदों पर 15 रनों की पारी खेलकर दुबे का दूसरा शिकार बने। फिलहाल 10 ओवर के बाद तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पंड्या क्रमश: 11 और 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।


