बरेली में नए डिजाइन में नजर आएगा झुमका:उत्तराखंड से खास तौर पर झुमका देखने पहुंचे लोग, पुराना ढांचा हटाकर बीडीए बना रहा नया लुक

बरेली में नए डिजाइन में नजर आएगा झुमका:उत्तराखंड से खास तौर पर झुमका देखने पहुंचे लोग, पुराना ढांचा हटाकर बीडीए बना रहा नया लुक

बरेली में फिल्म ‘मेरा साया’ के सदाबहार गाने “बरेली के बाजार में झुमका गिरा रे” से सुर्खियों में आया झुमका अब इस शहर की परमानेंट पहचान बन चुका है। बरेली के नेशनल हाईवे पर स्थापित इस विशाल झुमके को देखने दूर-दूर से लोग आते हैं, सेल्फी लेते हैं और यादें समेटते हैं। इसी क्रेज के चलते उत्तराखंड के हल्द्वानी से आई वीडियो क्रिएटर पिंकी भी खास तौर पर इस झुमके को देखने बरेली पहुंचीं। कपड़े से ढका दिखा नया झुमका
पिंकी ने बताया कि उन्होंने बरेली के झुमके के बारे में बहुत सुना था, इसलिए यहां आने की बड़ी इच्छा थी। वह एक वीडियो क्रिएटर हैं और देश-दुनिया में घूमकर ऐसी ही अनोखी चीजों के वीडियो बनाती हैं। हालांकि जब वह यहां पहुंचीं, तो उन्हें नया झुमका कपड़े से ढका हुआ मिला। इसके बावजूद उन्होंने इस लोकेशन का लुत्फ उठाया, वहां वीडियो शूट किए और कई तस्वीरें भी खिंचवाईं। रामपुर रोड पर रोजाना जुटते हैं सैकड़ों लोग
जबसे रामपुर रोड पर इस झुमके की स्थापना हुई है, तब से यह जगह एक बड़े पिकनिक स्पॉट में बदल गई है। हर दिन सैकड़ों लोग, यूट्यूबर्स और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स यहां रील और वीडियो बनाने पहुंचते हैं। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से दोपहर में तो सन्नाटा रहता है, लेकिन शाम ढलते ही यहां भारी भीड़भाड़ जुटने लगती है। नाथ नगरी कॉरिडोर का भव्य द्वार भी तैयार, शिव परिवार और नंदी बढ़ा रहे शोभा
इस चौराहे को बेहद खास लुक दिया गया है। झुमके के ठीक पास ही नाथ नगरी कॉरिडोर के तहत एक विशाल और भव्य द्वार का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही भगवान शिव का पूरा परिवार और एक विशाल नंदी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। बाहर से आने वाले मुसाफिरों की नजर जैसे ही इस भव्य नजारे पर पड़ती है, उन्हें तुरंत अहसास हो जाता है कि वे झुमका और नाथ नगरी बरेली की सीमा में दाखिल हो चुके हैं। बीडीए बदल रहा है झुमके का पूरा ढांचा
इस बार इस झुमके का कायाकल्प बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से कराया जा रहा है। इससे पहले जो झुमका यहां लगा था, उसे रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज की तरफ से लगवाया गया था। अब बीडीए ने पुराने ढांचे को हटाकर उसकी जगह पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और बिल्कुल नए डिजाइन का झुमका तैयार कराया है, जिसका लुक बेहद मॉर्डन और आकर्षक होने वाला है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *