झांसी में बतौर एडीएम वित्त एवं राजस्व सेवाएं दे रहे पीसीएस अधिकारी वरुण कुमार पांडेय का स्थानांतरण प्रयागराज कर दिया गया है। शासन ने उन्हें डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का कुलसचिव नियुक्त किया है। वहीं, सुल्तानपुर में तैनात एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला को झांसी विकास प्राधिकरण का नया सचिव बनाया गया है। बताया जा रहा है कि झांसी में सिटी मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार संभालने के दौरान वरुण कुमार पांडेय कई अहम मामलों को लेकर चर्चा में रहे। खासतौर पर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में हुए भीषण अग्निकांड के दौरान उनकी संवेदनशील कार्यशैली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी थी। हादसे में कई नवजात बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि अफरा-तफरी के बीच कई बच्चे अपनी मां से बिछड़ गए थे। इसी दौरान एक बदहवास महिला अपने बच्चे की तलाश में एडीएम वरुण कुमार पांडेय के पास पहुंची थी। अधिकारी ने महिला को ढांढस बंधाया और बाद में उसके बच्चे को सुरक्षित मां से मिलवाया था। इस घटना के बाद उनकी कार्यशैली की काफी सराहना हुई थी। अब वरुण कुमार पांडेय प्रयागराज स्थित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में कुलसचिव के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। दूसरी ओर, सुल्तानपुर से स्थानांतरित होकर आ रहे गौरव शुक्ला जल्द ही झांसी विकास प्राधिकरण में सचिव पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे।


