गुना में रविवार को एमपीपीएससी परीक्षा देने आई एक महिला की कार से अज्ञात बदमाश गहनों से भरा पर्स चोरी कर ले गए। घटना बापू पार्क के पास की है, जहां कार खड़ी कर महिला अपने पति के साथ परीक्षा केंद्र गई थी। आरोन तहसील के हुसैनपुर निवासी सत्येंद्र धाकड़ अपनी पत्नी रश्मि धाकड़ को परीक्षा दिलाने गुना आए थे। पत्नी को परीक्षा केंद्र छोड़ने के बाद उन्होंने कार बापू पार्क के पास खड़ी कर दी। इसी दौरान बदमाशों ने कार का कांच तोड़कर अंदर रखा पर्स चुरा लिया। पर्स में रखे थे सोने-चांदी के गहने परीक्षा में गहने पहनने की अनुमति नहीं होने के कारण रश्मि धाकड़ ने अपने सोने-चांदी के आभूषण पर्स में रखकर कार में छोड़ दिए थे। पर्स में सोने की बाली, पुतली, नथ, चांदी की पायल और बिछिया सहित अन्य जेवर रखे थे। कुछ देर बाद जब सत्येंद्र कार के पास लौटे तो देखा कि साइड का कांच टूटा हुआ है और पर्स गायब है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पीड़ित ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


