श्री जगन्नाथ मंदिर में धूमधाम से मनाया गया जानकी प्राकट्योत्सव:अभिषेक, संकीर्तन और विशेष आरती हुई, उमड़ी भक्तों की भीड़

श्री जगन्नाथ मंदिर में धूमधाम से मनाया गया जानकी प्राकट्योत्सव:अभिषेक, संकीर्तन और विशेष आरती हुई, उमड़ी भक्तों की भीड़

आगरा के कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में माता जानकी प्राकट्योत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया और पूरे वातावरण में भक्ति, संगीत और पुष्पों की खुशबू से आध्यात्मिक माहौल बन गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में उमड़ने लगी। कार्यक्रम के दौरान पंचगव्य और पंचामृत से सियाराम का अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से किया गया। संध्या काल में विशेष पूजन और आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। हरे राम-हरे कृष्ण के संकीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने माता जानकी के प्राकट्योत्सव का महत्व बताते हुए कहा कि माता सीता धरती मां की गोद से प्रकट हुईं और वे मां लक्ष्मी का स्वरूप हैं। उन्होंने बताया कि यह दिन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है और इसे पूरे उल्लास के साथ मनाया जाता है। अभिषेक के बाद भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रतिमाओं को चंदन और नए आकर्षक वस्त्रों से सजाया गया। गर्मी को ध्यान में रखते हुए भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलराम का भी चंदन से विशेष श्रृंगार किया गया और हल्के सूती वस्त्र धारण कराए गए। मंदिर में फूल बंगला सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। विशेष आरती के समय पूरा मंदिर भक्ति में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया और अंत में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, शाश्वत नंदलाल, अदिति गौरांगी और ओमप्रकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *