Jan Suraaj Party के पदाधिकारी देवपालिक गुप्ता का शव Ranchi में रेलवे ट्रैक के पास मिला

Jan Suraaj Party के पदाधिकारी देवपालिक गुप्ता का शव Ranchi में रेलवे ट्रैक के पास मिला

प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी के एक पदाधिकारी का शव मंगलवार को रांची में रेलवे की पटरियों के पास मिला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जन सुराज पार्टी के डिजिटल संचार प्रबंधक देवपालिक गुप्ता (31) सोमवार को रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान लापता हो गए थे।

अंगारा थाना प्रभारी गौतम कुमार राजवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गुप्ता का शव रांची-मुरी लाइन पर जरवाडीह गांव में रेलवे की पटरियों के निकट मिला। राजवार के मुताबिक, “शुरुआती जांच से संकेत मिला है कि चलती ट्रेन से गलती से गिर जाने के कारण गुप्ता की मौत हो गई।”
उन्होंने बताया, “शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेजा जाएगा। मृतक के परिजन के बयान के आधार पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया जाएगा।”
गुप्ता के सहकर्मी गौतम कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने (गुप्ता) सोमवार को रांची रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ी थी, जो दोपहर करीब 2:25 बजे रवाना हुई थी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान के पूर्व छात्र गुप्ता ने करीब 10 मिनट बाद अपने साथियों से कहा कि वह कुछ खाने के लिए पैंट्री कार में जा रहे हैं, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। गुप्ता ने बताया, “इसके बाद हम अपनी सीट से उठे और हमारे कोच के बगल में लगाई गई पैंट्री कार में गए, लेकिन वह हमें वहां नहीं मिले। हमने हर कोच में देखा पर वह पूरी ट्रेन में कहीं नहीं थे।”
उन्होंने कहा कि जब ट्रेन मुरी जंक्शन पर रुकी, तो हमने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद तलाशी शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *