सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने मॉडिफाइड वाहनों, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 41 वाहनों को जब्त किया गया। डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने बताया कि किसान धर्मकांटा क्षेत्र में एसीपी प्रेम सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान 15 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें 4 थार और 11 स्कॉर्पियो शामिल हैं। जांच में इन वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन और ब्लैक फिल्म लगी हुई पाई गई। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत 26 अन्य वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे अभियान में अब तक टोल प्लाजा क्षेत्रों में 65 मॉडिफाइड और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। मॉडिफाइड बंपर बन सकते हैं जानलेवा यातायात पुलिस के अनुसार एसयूवी वाहनों पर लगाए जाने वाले मॉडिफाइड बंपर दुर्घटना के समय एयरबैग के सही तरीके से खुलने में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। इससे वाहन सवारों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। इसी कारण ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।


